ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून।  हरिद्वार रोड स्थित निजी पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आईसीयू में भर्ती 60 वर्षीय महिला मरीज की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य मरीज घायल हो गए।

बचाव कार्य के दौरान तीन पुलिसकर्मियों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद उत्तराखंड सरकार ने सभी निजी अस्पतालों की जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के बाद विस्फोट हुआ, जिससे आग फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

आग और धुएं के कारण आईसीयू में ऑक्सीजन की कमी हो गई, जिससे कई मरीजों की हालत बिगड़ गई। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायल मरीजों में ढाई साल की बच्ची और एक नवजात शिशु भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान देहरादून के बल्लीवाला निवासी वीरवती के रूप में हुई है, जो पहले से वेंटिलेटर पर थीं। वहीं बचाव अभियान में शामिल कुछ पुलिसकर्मियों को घुटन, सांस लेने में तकलीफ और बेहोशी की शिकायत के बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया।

गढ़वाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल भी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी निजी अस्पतालों में सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही मामले में मजिस्ट्रेट जांचके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  ड्यूटी के दौरान पोल से गिरकर लाइनमैन की मौत, ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप; लोगों में आक्रोश
error: Content is protected !!