हल्द्वानी में सनसनीखेज वारदात, टांडा जंगल में शराब के नशे में विवाद, साथी ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर की वनकर्मी की निर्मम हत्या
हल्द्वानी। टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड से इलाके में हड़कंप मच गया। वन विभाग में संविदा पर तैनात एक प्लांटेशन वॉचर की उसके ही साथी ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेवा लाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का निवासी था। वह टांडा रेंज में वन विभाग के तहत संविदा पर प्लांटेशन वॉचर के पद पर कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि देर रात मेवा लाल और उसके साथी तिवारी सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों शराब के नशे में थे। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि तैश में आकर तिवारी सिंह ने पास में रखी कुल्हाड़ी से मेवा लाल की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मेवा लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी तिवारी सिंह फरार हो गया। सूचना पर हल्द्वानी कोतवाली और टीपीनगर चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर मेवा लाल की हत्या की है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

