वोटर लिस्ट अपडेट करने की तैयारी तेज, हल्द्वानी में बीएलओ ट्रेनिंग नए वोटरों के लिए बड़ी खबर, 18 साल पूरे होते ही जुड़ सकेगा नाम
हल्द्वानी। शनिवार को नगर निगम सभागार में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की। इस दौरान लालकुआं और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्रों के 200 से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और अद्यतन बनाए रखने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। एडीएम विवेक राय ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और अपात्र नामों को हटाना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि 7 जून से 8 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर लोगों को फार्म वितरित करेंगे और भरे हुए फार्म जमा भी करेंगे। इस अभियान में नए मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। ऐसे युवा, जो 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक मतदाता सूची 14 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को जारी होगी।
इस अवसर पर तहसीलदार कुलदीप पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पांडे समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मतदान अधिकार को मजबूत बनाने के लिए समय पर आवश्यक दस्तावेज पूरे करें और मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।

