रानीखेत। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल Bhagat Singh Koshyari ने देहरादून स्थित अपने आवास पर डॉ. प्रतिभा नेगी की दो पुस्तकों “उत्तराखंड में पर्यटन” तथा “उत्तराखंड आर्थिक विकास और सतत भविष्य की दिशा” का विमोचन किया।
डॉ. प्रतिभा नेगी वर्तमान में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गैरसैंण के अर्थशास्त्र विभाग में अध्यापन कार्य कर रही हैं। वह अब तक लगभग 60 पुस्तकों का संपादन कर चुकी हैं तथा 25 से अधिक शोध पत्र विभिन्न राष्ट्रीय पुस्तकों में प्रकाशित हो चुके हैं।
पुस्तकों में उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाओं, राज्य की आर्थिकी को मजबूत करने में पर्यटन की भूमिका तथा सतत विकास की दिशा में प्रभावी पर्यटन नीति की आवश्यकता पर विशेष प्रकाश डाला गया है। इसमें प्रदेश के सुंदर और मनमोहक पर्यटन स्थलों को विकसित कर देश-विदेश में प्रचारित करने पर भी जोर दिया गया है।
इस अवसर पर Bhagat Singh Koshyari ने पुस्तकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शोध एवं अध्ययन नीति निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं और राज्य की पर्यटन नीति को मजबूत बनाने में इनका लाभ लिया जा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. प्रतिभा नेगी के साथ एडवोकेट विजय बौड़ाई एवं एडवोकेट नरेंद्र सिंह नेगी भी उपस्थित रहे।

