देहरादून। उत्तराखंड शासन ने रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के बंपर तबादले कर दिए हैं।
शासन द्वारा जारी तबादला सूची में 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में देहरादून और बागेश्वर जिले को नए जिलाधिकारी मिले हैं, वहीं गढ़वाल मंडल के नए आयुक्त की भी नियुक्ति की गई है।
देहरादून के जिलाधिकारी रहे आईएएस सविन बंसल को सचिव नियोजन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर आईएएस आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
वहीं बागेश्वर जिले की नई जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे को नियुक्त किया गया है। अब तक बागेश्वर की डीएम रहीं आकांक्षा कोण्डे को निदेशक महाविद्यालयी शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी आनंद स्वरूप को गढ़वाल मंडल का नया आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किया गया है।
शासन के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

