अल्मोड़ा। द्वाराहाट क्षेत्र में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। विद्यापुर निवासी हेमा देवी ठग की आवाज को अपने फूफा की आवाज समझ बैठीं और भरोसे में आकर 45 हजार रुपये गंवा दिए। पीड़िता ने कोतवाली द्वाराहाट में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कुछ समय पूर्व हेमा देवी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने उन्हें नाम लेकर पुकारा। उसकी आवाज महिला को मथुरा निवासी अपने फूफा जैसी लगी, जिसके कारण उन्होंने बिना किसी शक के बातचीत जारी रखी।
बातचीत के दौरान आरोपी ने कहा कि उसके खाते की लिमिट खत्म हो गई है और उसका एक दोस्त महिला के खाते में 45 हजार रुपये भेजेगा। आरोपी ने महिला से वह रकम दूसरे नंबर पर ट्रांसफर करने को कहा। कुछ देर बाद महिला के मोबाइल पर पैसे आने का संदेश भी पहुंच गया।
भरोसे में आकर हेमा देवी ने आरोपी द्वारा बताए गए नंबर पर पूरी रकम ट्रांसफर कर दी। रकम भेजने के बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया, जिससे महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ रहे साइबर ठगी के मामलों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान कॉल या लेनदेन से पहले पूरी जांच-पड़ताल करने की अपील की है।

