ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर बुधवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रिया बैंड के पास पहाड़ी चढ़ाई चढ़ रही एक डस्टर कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। कार में सवार चार पर्यटकों ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब एक बजे कालाढूंगी थाना क्षेत्र में नैनीताल की ओर जा रही डस्टर कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने स्थिति भांपते हुए कार को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में इंजन में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरी कार आग का गोला बन गई और दूर तक काला धुआं फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सभी पर्यटकों ने तुरंत दरवाजे खोलकर बाहर छलांग लगा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगते ही हाईवे पर गुजर रहे अन्य वाहन भी रुक गए और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह इंजन ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और लगातार पहाड़ी चढ़ाई के कारण इंजन पर दबाव बढ़ गया था। उल्लेखनीय है कि पिछले 20 घंटे के भीतर नैनीताल जिले में वाहन में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे यात्रियों में चिंता बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 22 मई 2026
error: Content is protected !!