ब्रेकिंग न्यूज़

पहाड़ों में गर्मी से मिलेगी राहत, तेज हवाओं के साथ गिरेंगे ओले, उत्तराखंड के इन जिलों में 2 दिन बारिश का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के कई जनपदों में तेज बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना व्यक्त की गई है।

29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : रामलीला मैदान ‘शुद्धीकरण’ विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.