भीमताल में पार्किंग की आड़ में ‘रोड क्रॉसिंग शुल्क’ की अवैध वसूली पर तत्काल रोक हेतु सीडीओ नैनीताल द्वारा की गई कार्यवाही
भीमताल। पर्यटन नगरी भीमताल में पार्किंग की आड़ में पर्यटकों से कथित रूप से वसूले जा रहे अवैध ‘रोड क्रॉसिंग शुल्क’ के मामले में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नैनीताल ने सख्त रुख अपनाया है। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी द्वारा सौंपे गए 22 पन्नों के दस्तावेजी साक्ष्यों और शिकायत पत्र का परीक्षण करने के बाद सीडीओ ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
शिकायत के अनुसार, भीमताल-नौकुचियाताल मार्ग पर कुछ पार्किंग कर्मी सड़क पर ही वाहनों को रोककर नौकुचियाताल, पांडे गांव और जंगलिया गांव की ओर जाने वाले पर्यटकों से शुल्क वसूल रहे थे। इससे न केवल पीडब्ल्यूडी सड़क पर यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि पर्यटन नगरी की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीडीओ ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) भीमताल, कोतवाल भीमताल तथा अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, भवाली को निर्देश दिए हैं कि अवैध शुल्क वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और सड़क पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न होने दी जाए।
निर्देशों में दीनदयाल पार्क के समीप पीडब्ल्यूडी सड़क किनारे हो रही पार्किंग व्यवस्था को नियंत्रित करने, अतिक्रमण हटाने तथा पार्किंग नियमावली का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को भी कहा गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रभावी निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सीडीओ ने शिकायतकर्ता पूरन बृजवासी को आश्वस्त किया कि मामले के समाधान के लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है और आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।
पूरन बृजवासी ने सीडीओ के त्वरित संज्ञान का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले दो माह से इस मामले को विभिन्न स्तरों पर उठाया जा रहा था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद पार्किंग कर्मियों की मनमानी पर प्रभावी रोक लगेगी।
शिकायतकर्ता ने दोषी कर्मियों पर जुर्माना लगाने, पार्किंग स्थल पर चेतावनी बोर्ड लगाने, सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने तथा केवल पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की ही पार्किंग पर्ची काटने जैसी मांगों को भी दोहराया है।

