ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान हुए चार अलग-अलग सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। हादसे रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और अल्मोड़ा जिलों में हुए, जिनसे कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फुट गहरी खाई में गिरकर पेड़ पर अटक गई। हादसे में उथिंड गांव निवासी महेंद्र सिंह (68), उनके पुत्र अंजन सिंह (42) और संगीता देवी (32) की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहीं चमोली जिले में रुपकुंड मार्ग पर ल्वाणी गांव के समीप शुक्रवार देर रात एक वाहन 400 से 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार लोग अपने दिवंगत परिजन का शव लेकर गांव लौट रहे थे। हादसे में चालक बलबीर सिंह बिष्ट (52), उनकी पत्नी शांति देवी (48) और पुत्र आंशु बिष्ट (18) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

उत्तरकाशी जिले के गंगनानी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक कार के गहरी खाई में गिरने से महाराष्ट्र के नागपुर निवासी दामोदर रामटेककर (77) और उनकी पत्नी लक्ष्मी रामटेककर (67) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

इधर अल्मोड़ा जिले के गधोली गांव के पास बागेश्वर रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी उमेश (22) और नेपाल निवासी चत्ते राजी (26) की मौके पर ही मौत हो गई।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने राज्य में सड़क सुरक्षा और पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित यात्रा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने सभी दुर्घटनाओं की जांच शुरू कर दी है, जबकि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें :  बकरीद पर्व पर सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम: चप्पे-चप्पे पर पुलिस, PAC और QRT तैनात; SSP नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० का सख्त रुख: "फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन से अराजक तत्वों में खौफ, आम जनता में सुरक्षा का भाव"
error: Content is protected !!