ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम पूरी तरह मेहरबान बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा है और धूप-बादलों की आंख-मिचौनी के बीच हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है।

सोमवार को मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान रविवार की तुलना में कुछ बढ़ा जरूर, लेकिन दिन का पारा अब भी सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। सुबह तेज धूप खिलने के बाद दोपहर में मौसम ने करवट ली और कई क्षेत्रों में रिमझिम बारिश हुई। राजधानी देहरादून में भी दोपहर बाद हुई वर्षा से मौसम सुहावना हो गया।

वहीं पर्वतीय जिलों में मौसम अधिक सक्रिय बना हुआ है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात की सूचना है। बढ़ी नमी के कारण पहाड़ों में सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ बारिश तथा 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेशभर में मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  72 दिन से धरने पर बैठे पीआरडी जवानों का फूटा गुस्सा, मंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की
error: Content is protected !!