उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPCS) परीक्षा 2024 के परिणामों में कुमाऊं की युवा प्रतिभाओं ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
चंपावत की प्रतिभाशाली बेटी ऐश्वर्या भट्ट ने प्रथम प्रयास में ही प्रदेश में 11वीं रैंक हासिल कर डिप्टी पुलिस अधीक्षक (डिप्टी एसपी) पद पर चयनित होकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वहीं पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र के दो युवाओं राजकुमार डसीला और विनोद सिंह बोहरा ने भी पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अफसर बनने का सपना साकार किया है।
चंपावत की ऐश्वर्या भट्ट ने जवाहर नवोदय विद्यालय, पिथौरागढ़ से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने ऋषिकुल आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज हरिद्वार से बीएएमएस तथा गुरुकुल आयुर्वेदिक कॉलेज से कौमारभृत्य (आयुर्वेदिक बाल रोग विज्ञान) में एमडी की उपाधि हासिल की। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए उन्हें स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्धियों के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा का लक्ष्य तय किया और कठिन परिश्रम के बल पर पहले ही प्रयास में डिप्टी एसपी पद प्राप्त कर लिया।
ऐश्वर्या के पिता गिरीश चंद्र भट्ट किसान हैं, जबकि माता गीता भट्ट राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डुंगरासेठी में सहायक अध्यापिका हैं। उनके भाई देवम भट्ट बेंगलुरु में एएमडी कंपनी में ट्रेनी इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। ऐश्वर्या ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और भाई के सहयोग को दिया है।
उधर, बेरीनाग के सुकल्याड़ी निवासी राजकुमार डसीला ने तीसरे प्रयास में पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर उप शिक्षा अधिकारी पद हासिल किया है। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा गांव के विद्यालय से तथा उच्च शिक्षा बेरीनाग के शिक्षण संस्थानों से प्राप्त की। पिछले पांच वर्षों से दिल्ली में रहकर तैयारी कर रहे राजकुमार की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वहीं बेरीनाग विकासखंड के रीठा रैतौली निवासी विनोद सिंह बोहरा का चयन राज्य कर अधिकारी पद पर हुआ है। विनोद ने बिना किसी कोचिंग के यूट्यूब और ऑनलाइन माध्यमों से तैयारी कर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।
तीनों युवाओं की इस सफलता से चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में खुशी की लहर है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

