ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कुमाऊं की नई आईजी बनीं निवेदिता कुकरेती, रिद्धिम अग्रवाल को अपराध एवं कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 9 वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह अनुभाग-1 की ओर से संयुक्त सचिव विक्रम सिंह राणा द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह फेरबदल जनहित एवं कार्यहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

जारी आदेश के तहत पुलिस महानिरीक्षक (P&M) विम्मी सचदेवा को पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस के पद पर तैनात किया गया है। वहीं कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, CCTNS एवं SCRB की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कुमाऊं परिक्षेत्र को अब नई आईजी मिल गई हैं। पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ निवेदिता कुकरेती कुमार को कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक दूरसंचार कृष्ण कुमार वी.के. को पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं जीआरपी का दायित्व सौंपा गया है। पुलिस महानिरीक्षक साइबर क्राइम, एसटीएफ एवं एएनटीएफ नीलेश आनंद भरणे को पीएसी एवं सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण एवं राज्य मानवाधिकार आयोग) अनंत शंकर ताकवाले को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी के पद पर तैनात किया गया है। वहीं पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था, CCTNS एवं SCRB) सुनील कुमार मीणा को अब कार्मिक, पीएसी एवं पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की जिम्मेदारी दी गई है।

हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के पुलिस महानिरीक्षक योगेंद्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जबकि लंबे समय से पुलिस मुख्यालय में प्रतीक्षारत चल रहे पुलिस महानिरीक्षक बरिंदरजीत सिंह को पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय एवं P&M के पद पर नई तैनाती दी गई है।

शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाण पत्र पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी : कोटाबाग में पहली बार लगा तहसील दिवस, 13 शिकायतों में कई का मौके पर हुआ निस्तारण

You missed

error: Content is protected !!