ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पूर्व राज्य मंत्री हरीश पनेरु ने जिलाधिकारी नैनीताल को सौंपा ज्ञापन, हाई टेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

भीमताल। ग्राफिक एरा परिसर में कार्य के दौरान करंट लगने से हुई कर्मचारी तेज सिंह बोरा की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है।

पूर्व राज्य मंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा मृतक के आश्रित परिवार को कम से कम ₹2.50 लाख की आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम रैकुना निवासी तेज सिंह बोरा की 6 जून 2026 को भीमताल स्थित ग्राफिक एरा परिसर में कार्य के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि वह भवन की छत पर कार्य कर रहे थे, तभी वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हरीश पनेरु ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी उसी स्थान पर करंट लगने से एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। इसके अलावा एक वर्ष पूर्व भवाली स्थित जॉर्ज होटल में करंट लगने से रोहित पांडे की मौत हुई थी, लेकिन उनके परिजनों को अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया है।

ज्ञापन में क्षेत्र में आवासीय भवनों और घनी आबादी के निकट से गुजर रही हाई टेंशन विद्युत लाइनों को गंभीर खतरा बताते हुए कहा गया है कि विभागीय लापरवाही के कारण समय-समय पर ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार विभागों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

साथ ही जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि पूरे क्षेत्र में हाई टेंशन विद्युत लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

यह भी पढ़ें :  6 जून को हल्द्वानी में गूंजेंगे बाबा श्याम के जयकारे, निकलेगी भव्य निशान यात्रा और होगा विशाल संकीर्तन महोत्सव

You missed

error: Content is protected !!