शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता, शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर दिया जोर

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की नवनियुक्त नगर आयुक्त आईएएस आशिमा गोयल ने गुरुवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हल्द्वानी शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से चिंता जताते हुए कहा कि कूड़ा निस्तारण नगर निगम के सामने एक बड़ी चुनौती है। इसके तहत लीगेसी वेस्ट यानी लंबे समय से जमा पुराने कूड़े और फ्रेश वेस्ट यानी प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े का वैज्ञानिक एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए मौजूदा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने और सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के प्रयास किए जाएंगे।

नगर आयुक्त ने कहा कि हल्द्वानी तेजी से विकसित हो रहा शहर है। ऐसे में बढ़ती आबादी और शहरी जरूरतों के अनुरूप नगर निगम की व्यवस्थाओं को मजबूत करना जरूरी है। सड़क, सीवरेज, स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देकर शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण करना भी है। इसके लिए आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान पर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।

नवनियुक्त नगर आयुक्त आशिमा गोयल के कार्यभार संभालने के बाद शहरवासियों को उम्मीद है कि हल्द्वानी की लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। अब देखना होगा कि नई नगर आयुक्त की प्राथमिकताएं धरातल पर किस तरह नजर आती हैं।

यह भी पढ़ें :  भीमताल की बेटी रूची भट्ट बनीं न्यायाधीश, न्यायपालिका में हासिल किया मुकाम, पैतृक गांव में खुशी की लहर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.