ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

गोपेश्वर (चमोली)। जनपद चमोली के विकासखंड देवाल क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे कैल नदी में समा गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में कुल सात लोग सवार थे। कुंनार के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन खाई में लुढ़कता हुआ तेज बहाव वाली कैल नदी में जा गिरा। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीण तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक महिला और एक बच्चा वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई। दोनों सहित कुल तीन घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर नदी से चार शव बरामद किए। स्थानीय जनप्रतिनिधि महावीर बिष्ट ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों की निशानदेही पर नदी किनारे व्यापक खोजबीन की गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई थीं। चार शवों की बरामदगी और तीन घायलों के रेस्क्यू के बाद भी एहतियातन क्षेत्र में सर्च अभियान जारी रखा गया है। हादसे के कारण पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें :  SDP प्लेटलेट्स दान कर राजन भैया ने बचाई मरीज की जान, सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट ने जताया आभार

You missed

error: Content is protected !!