ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं बाबा नीम करौली महाराज के जन्मोत्सव मेले-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

15 जून को आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वर्ष विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। जिलाधिकारी और एसएसपी द्वारा संयुक्त समीक्षा बैठकों एवं स्थलीय निरीक्षण के साथ ही कुमाऊं मंडल के आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक स्तर पर भी तैयारियों की समीक्षा की जा चुकी है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर 13 जून से 16 जून 2026 तक विशेष यातायात योजना लागू रहेगी। इस दौरान किसी भी श्रद्धालु को निजी वाहन से सीधे कैंची धाम मंदिर तक जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवाओं का उपयोग करना होगा।

हल्द्वानी, काठगोदाम और अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग समेत अन्य पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जहां से विशेष शटल सेवाएं संचालित होंगी। वहीं हल्द्वानी और काठगोदाम रेलवे स्टेशन तथा हल्द्वानी बस स्टेशन से भी विशेष बस और मिनी बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। नैनीताल और रामनगर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेट्रोपोल पार्किंग और डीएसए ग्राउंड पार्किंग निर्धारित की गई है।

मेले के दौरान 13 से 16 जून तक आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य सभी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। इनके लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसएसबी, पीएसी, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और एटीएस समेत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया गया है और लगभग 1500 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात रहेंगे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अंतिम चरण में सभी को शटल सेवा का ही उपयोग करना होगा। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन में सहभागिता का आग्रह किया है।

यह भी पढ़ें :  भीमताल की बदहाल सड़कों को लेकर हरीश पनेरू के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन, एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

You missed

error: Content is protected !!