ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

डिवाइडर से टकराई लग्जरी कार, स्पा और बार संचालक की मौत, शरीर पर मिले गहरे घाव से मामला हुआ संदिग्ध

रुद्रपुर में एक लग्जरी कार के डिवाइडर से टकराने के बाद स्पा एवं बार संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतक के सीने पर मिले गहरे घाव और घटनास्थल की परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हादसा और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, किच्छा के आवास विकास वार्ड नंबर-5 निवासी 56 वर्षीय संजय शर्मा स्पा सेंटर और बार व्यवसाय से जुड़े थे। उनका रुद्रपुर के मेट्रोपोलिस मॉल में स्पा सेंटर संचालित है, जबकि किच्छा बाइपास पर भी उनका एक बार बताया जा रहा है। व्यवसायिक कार्यों के चलते उनका रुद्रपुर आना-जाना लगा रहता था।

बुधवार तड़के संजय शर्मा अपनी कार संख्या यूके-07 एबी-5521 से एक महिला सहयोगी के साथ इंदिरा कॉलोनी से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा केवल मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुआ और एयरबैग भी खुल गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के सीने पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। दुर्घटना के बाद संजय शर्मा खून से लथपथ अवस्था में पाए गए। वहीं, घटना के समय कार में मौजूद बताई जा रही महिला सहयोगी मौके पर नहीं मिली, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। उधर, परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उनका कहना है कि कार को मामूली नुकसान पहुंचने और एयरबैग खुलने के बावजूद सीने में इतना गहरा घाव कैसे आया, यह बड़ा सवाल है।

यह भी पढ़ें :  कैंची धाम मेले के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार, 13 से 16 जून तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
error: Content is protected !!