ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

औचक निरीक्षण के दौरान बिना मान्यता प्राप्त डिग्री और नियमों के विपरीत इलाज करते मिले संचालक

हल्द्वानी। अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजपुरा क्षेत्र में तीन झोलाछाप क्लीनिकों को सील कर दिया। साथ ही संबंधित संचालकों पर कुल 50 हजार रुपये का चालान भी लगाया गया।

जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राजपुरा क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कई क्लीनिकों के दस्तावेजों और चिकित्सकीय योग्यताओं की जांच की गई।

निरीक्षण में पाया गया कि एक हेल्थ केयर क्लीनिक में बीएएमएस डिग्रीधारी चिकित्सक पूर्ण रूप से एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति से मरीजों का उपचार कर रहे थे। आवश्यक अनुमति और योग्यता के अभाव में क्लीनिक को बंद कर चालान किया गया।

इसके अलावा राजपुरा स्थित देवेंद्र नाथ मलिक क्लीनिक में संचालक के पास चिकित्सा क्षेत्र से संबंधित कोई मान्य डिग्री नहीं मिली। विभाग ने तत्काल क्लीनिक को सील कर दिया। वहीं डॉ. राय क्लीनिक में नेचुरोपैथी योग्यता होने के बावजूद एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का इलाज किया जा रहा था। इस पर भी कार्रवाई करते हुए क्लीनिक बंद कर चालान काटा गया।

स्वास्थ्य विभाग ने तीनों क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 50 हजार रुपये का चालान किया। अभियान के दौरान एसडीएम मोनिका, एसीएमओ डॉ. श्वेता भंडारी तथा औषधि निरीक्षक अर्चना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  धामी सरकार के कौशल विकास मिशन को मिली नई गति, 31 दिवसीय प्रशिक्षण से युवाओं को मिला स्वरोजगार का मार्ग
error: Content is protected !!