लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नैनीताल पुलिस की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था, भारी वाहनों पर प्रतिबंध और विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी यातायात नियमों का पालन करें,पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा धैर्य बनाए रखते हुए बाबा के दर्शन का लाभ उठाएं
भवाली/नैनीताल। परम पूजनीय बाबा नीब करौरी महाराज के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस (वार्षिक मेला-2026) के अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। मेले की पूर्व संध्या से ही देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर के बाहर कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शनों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ आध्यात्मिक माहौल को भक्तिमय बना रहे हैं।
15 जून की सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है।
मेले की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस के अलावा एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 3 जिलों के एसएसपी/एसपी, 7 अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी तथा एक एसपी वायरलेस की तैनाती की गई है। वहीं 1500 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवान पूरे मेला क्षेत्र में मुस्तैदी से डटे हुए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कैंची धाम की ओर आने वाले सभी मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रशासन के अनुसार निजी वाहन लेकर आने वाले श्रद्धालु केवल भीमताल, भवाली और सैनिटोरियम तक ही पहुंच सकेंगे। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद उन्हें शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम जाना होगा। इसके अलावा कैंची धाम रूट पर संचालित वाहनों के लिए विशेष येलो स्टीकर प्रणाली भी लागू की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा धैर्य बनाए रखते हुए बाबा के दर्शन का लाभ उठाएं, ताकि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बन सके।


