ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी के पुत्र ने AFCAT परीक्षा उत्तीर्ण कर हासिल की बड़ी सफलता, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत

बागेश्वर। जिले की ग्राम पंचायत सिलगार के पातल गांव के युवा पवन बचखेती ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

पवन बचखेती का चयन एएफसीएटी (AFCAT) परीक्षा के माध्यम से दिसंबर 2024 में भारतीय वायुसेना अकादमी, हैदराबाद में प्रशिक्षण के लिए हुआ था। 13 जून को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद उन्होंने सफलतापूर्वक कमीशन प्राप्त किया और भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर नियुक्त हुए।

पवन स्वर्गीय हीरा बल्लभ बचखेती के पौत्र तथा सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी लक्ष्मी दत्त बचखेती और सोनी देवी के पुत्र हैं। उनके पिता भारतीय सेना की चार कुमाऊं रेजिमेंट से नायक सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं।

उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई, जबकि उच्च शिक्षा रुद्रपुर में पूरी हुई। बचपन से ही सेना में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले पवन ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर यह सफलता हासिल की।

पवन की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। उनकी सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड अधीनस्थ न्यायालयों में 398 पदों पर भर्ती, इस तारीख से शुरू होंगे आवेदन
error: Content is protected !!