ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

21 जून को 11 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, डीएम ने पारदर्शी और निष्पक्ष संचालन के दिए सख्त निर्देश

हल्द्वानी। 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद को दो जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक जोन और सेक्टर में अधिकारियों की तैनाती की गई है।

नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण और परीक्षा संचालन की सभी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें और बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3874 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

बैठक में एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, सिटी कोऑर्डिनेटर, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में टॉपर छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- "आई लव यू मम्मी-पापा"

You missed

error: Content is protected !!