ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, DM और SSP की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ भव्य योग शिविर

“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने लिया निरोगी रहने का संकल्प

हल्द्वानी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में जनपद स्तरीय भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के तहत आयोजित शिविर में 350 से अधिक पुलिसकर्मियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग शिविर में आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. त्रिलोक बिष्ट, मुख्य प्रशिक्षक डॉ. कंचन सूंठा एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने नियमित योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों, तनाव प्रबंधन तथा गंभीर बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि योग आज वैश्विक स्तर पर स्वस्थ जीवनशैली का पर्याय बन चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए निकालने की अपील करते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक मजबूती और तनावमुक्त जीवन का भी आधार है।

कार्यक्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत सहित पुलिस, प्रशासन और आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एसएसपी के निर्देश पर जनपद के सभी थानों, चौकियों, अग्निशमन इकाइयों और पुलिस लाइंस में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पुलिस कर्मियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

यह भी पढ़ें :  हरिद्वार से लौट रहे परिवार की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, दंपति समेत 3 की मौत, 3 गंभीर घायल
error: Content is protected !!