देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी के इंतजाम निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से फायर सेफ्टी उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा आपदा की स्थिति में त्वरित निकासी की तैयारियों का विशेष रूप से परीक्षण करने को कहा। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से ऑडिट की प्रक्रिया पूरी करें।
बैठक में बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत बिंद्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


