ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी जिला नैनीताल की ओर से बुधवार को कुमाऊँ संभाग कार्यालय हल्द्वानी में आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ के अवसर पर लोकतंत्र हत्या दिवस के तहत जिला स्तरीय गोष्ठी एवं लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर, दीप प्रज्ज्वलन तथा वन्देमातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ। इस दौरान लोकतंत्र सेनानियों  जगन्नाथ पाण्डे,  ललित किशोर पाण्डे,  पूरन चन्द्र शर्मा,  हरीश अग्रवाल,  सोबन सिंह अधिकारी, गिरीश काण्डपाल तथा स्वर्गीय  सुरेन्द्र वर्मा और  पुनीत लाल डींगरा के परिजनों को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी ललित किशोर पाण्डे और गिरीश काण्डपाल ने आपातकाल के दौरान अपने संघर्षों और अनुभवों को साझा किया।

उन्होंने बताया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हजारों कार्यकर्ताओं ने जेल यातनाएं झेलीं, लेकिन लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था को कभी कमजोर नहीं होने दिया।

वक्ताओं ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा देश पर थोपा गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था। उस दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं को समाप्त कर दिया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लागू की गई, न्यायपालिका पर दबाव बनाया गया और हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों व सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेलों में डाल दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कालाढूंगी विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और लोकतंत्र सेनानियों के अदम्य साहस के कारण ही देश उस कठिन दौर से बाहर निकल सका और लोकतांत्रिक व्यवस्था पुनः स्थापित हुई। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन सभी वीर सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा नई पीढ़ी को लोकतंत्र की रक्षा के प्रति जागरूक करने का अवसर है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, लालकुआँ विधायक मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-संयोजक साकेत अग्रवाल, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, हुकुम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, ब्लाक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, के.डी. रूबाली, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला संयोजक गणेश रावत, जिला सह-संयोजक प्रताप रैक्वाल और नितिन राणा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हल्द्वानी में भव्य योग शिविर, डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में 350 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
error: Content is protected !!