हल्द्वानी-काठगोदाम। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा आयोजित “यंग बिजनेस मीट विद मेयर” कार्यक्रम में महापौर गजराज बिष्ट ने शहर के युवा व्यापारियों से संवाद कर उनके सुझाव और अनुभव सुने।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नगर विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनाना तथा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा स्वरोजगार और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने व्यापारिक समुदाय से नगर नियोजन, सड़क एवं यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और लघु उद्योगों के विकास से जुड़े सुझाव देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में युवा व्यापारियों और नव मतदाताओं ने गौलापार को “ग्रेटर हल्द्वानी” के रूप में विकसित करने, औद्योगिक केंद्र स्थापित करने, व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने, स्थानीय बाजारों के आधुनिकीकरण, डिजिटल व्यापारिक सहायता और युवाओं के लिए वित्तीय एवं परामर्श सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
महापौर गजराज बिष्ट ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों को आगामी बैठकों में शामिल कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी और उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी से शहर के आर्थिक और समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल, शहर के युवा व्यापारी एवं नव मतदाता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


