ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

डीएनए जांच में दो घटनाओं में नर बाघ और एक में बाघिन की पुष्टि, धारी, खन्स्यू और तल्ली दीनी के मामलों में हमलावर वन्यजीव की पहचान अब भी स्पष्ट नहीं

नैनीताल वन प्रभाग में मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े छह मामलों की डीएनए जांच रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में मनोरा और भवाली रेंज की तीन महिलाओं की मौत के लिए एक नहीं, बल्कि दो अलग-अलग वन्यजीव जिम्मेदार पाए गए हैं। इनमें जून स्टेट और ज्योली क्षेत्र में नर बाघ, जबकि सूर्यागांव में बाघिन द्वारा महिला को शिकार बनाए जाने की पुष्टि हुई है।

हालांकि धारी, खन्स्यू और तल्ली दीनी क्षेत्र में तीन महिलाओं की मौत के मामलों में अब भी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर बाघ था या गुलदार। इन घटनाओं के बाद पकड़े गए छह गुलदारों के डीएनए का मृतकों से लिए गए नमूनों से मिलान नहीं हो पाया।

बीते शीतकाल में नैनीताल वन प्रभाग में मानव-वन्यजीव संघर्ष के दौरान पांच महीनों में छह महिलाओं की जान गई थी। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए छह गुलदारों को पिंजरे में कैद किया, जबकि एक बाघ और एक बाघिन को ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू किया। सभी मामलों में मृतकों से मिले बाल और लार के नमूनों को डीएनए जांच के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान भेजा गया था।

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आकाश गंगवार ने बताया कि सभी मामलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, तीन महिलाओं के नमूने दो अलग-अलग बाघों से मेल खा चुके हैं। तीन फरवरी को जून स्टेट में गंगा देवी और 22 अप्रैल को ज्योली में हेमा देवी पर नर बाघ ने हमला किया था, जबकि तीन अप्रैल को सूर्यागांव में हंसा देवी को बाघिन ने अपना शिकार बनाया था।

घटनाओं के बाद छह अप्रैल को जंतवालगांव क्षेत्र से बाघिन और 28 अप्रैल को ज्योली से नर बाघ को ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू किया गया था। डीएनए जांच में दोनों की पुष्टि हो चुकी है।

वहीं 26 दिसंबर को तल्ली दीनी की हेमा देवी, 30 दिसंबर को खन्स्यू-चमोली की रेखा देवी और 11 जनवरी को धारी के कुटियाखाल की गंगा देवी की मौत के मामलों में हमलावर वन्यजीव की पहचान अब भी रहस्य बनी हुई है।

डीएनए रिपोर्ट के बाद रानीबाग रेस्क्यू सेंटर में रखी गई बाघिन को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर देहरादून जू भेज दिया गया है, जहां उसे फिलहाल क्वारंटाइन में रखा जाएगा। वहीं सात से आठ वर्ष आयु का नर बाघ फिलहाल रानीबाग रेस्क्यू सेंटर में स्वस्थ है और वहीं रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें :  सोशल मीडिया विवाद बना खूनी गैंगवार, युवक को तीन गोलियां मारकर हत्या; नेपाल भागने से पहले दो आरोपी गिरफ्तार
error: Content is protected !!