ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भारी बारिश और भूस्खलन की काल्पनिक घटनाओं पर सक्रिय हुई आईआरएस प्रणाली, पुलिस, एसडीआरएफ समेत सभी विभागों ने संभाला मोर्चा

नैनीताल। मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद नैनीताल में व्यापक स्तर पर आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल आयोजित की गई।

इस दौरान जिले के पांच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने, पुल क्षतिग्रस्त होने और बाढ़ जैसी काल्पनिक घटनाओं का अभ्यास किया गया।

सुबह 9:11 बजे जिला आपदा परिचालन केंद्र को सबसे पहले नैनीताल के आलमा कॉटेज क्षेत्र में भारी मलबा गिरने की सूचना प्राप्त हुई।

इसके तुरंत बाद बेतालघाट के बधो क्षेत्र में काली पहाड़ी से मलबा गिरने और शहीद बलवंत मोटर मार्ग बंद होने की सूचना मिली।

इसके बाद कालाढूंगी की निहाल नदी में मोटर पुल क्षतिग्रस्त होने, हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में गोला नदी के किनारे भूस्खलन एवं भू-कटाव तथा लालकुआं क्षेत्र में गौला नदी में बाढ़ आने की काल्पनिक सूचना जिला आपदा परिचालन केंद्र को प्राप्त हुई।

लगातार पांच घटनाओं की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) को सक्रिय कर दिया।

पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा और पेयजल विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों की टीमें तुरंत घटनास्थलों के लिए रवाना की गईं।

मॉकड्रिल के दौरान सभी स्थानों पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रत्येक घटना स्थल के निकट स्टेजिंग एरिया बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन किया गया।

अभ्यास के तहत घायलों को सुरक्षित निकालने, बाढ़ में फंसे लोगों को राफ्ट के माध्यम से रेस्क्यू करने तथा प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर स्थापित करने की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया गया।

जिला प्रशासन का उद्देश्य इस मॉकड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

यह भी पढ़ें :  धारी में फल-सब्जी विक्रेता की ठेली में लगाई आग, पीड़ित ने प्रधान समेत कुछ लोगों पर जताया शक, पुलिस से कार्रवाई की मांग
error: Content is protected !!