हल्द्वानी में सजेगा बैडमिंटन का महाकुंभ, 17 जुलाई से शुरू होगा उत्तराखंड ओपन टूर्नामेंट
अंडर-9 से ओपन वर्ग तक होंगे मुकाबले, विजेताओं को मिलेगा नगद पुरस्कार, मेडल और प्रमाणपत्र
हल्द्वानी। उत्तराखंड की बैडमिंटन प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। हल्द्वानी के मिनी स्टेडियम में 17 से 19 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय 7वें उत्तराखंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व राज्य स्तरीय बैडमिंटन खिलाड़ी तनमय सिंह रावत और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट को उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन की स्वीकृति भी प्राप्त है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए ‘फिट उत्तराखंड’ के निर्माण में योगदान देना है।
टूर्नामेंट में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 और ओपन वर्ग में बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। तीन दिनों तक रोमांचक मुकाबलों का आयोजन होगा।
प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी आयोजन समिति की ओर से की गई है।
आयोजकों का कहना है कि इस पहल से प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
अब खेल प्रेमियों की नजर इस बात पर रहेगी कि 7वें उत्तराखंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में इस बार कौन-से खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित करते हैं।


