ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

जिला पंचायत बोर्ड बैठक में कार्यालय स्थानांतरण, दुकानों के किराए में 25% बढ़ोतरी, ग्रामीण क्षेत्रों में तारबाड़ और कूड़ा प्रबंधन समेत कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

हल्द्वानी। जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक शुक्रवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पारित बजट में राज्य वित्त मद से विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग 11 करोड़ रुपये तथा अन्य मदों के लिए करीब 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बैठक में पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही और अनुपालन रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें काठगोदाम डाक बंगले में जिला पंचायत कार्यालय स्थापित करना, भीमताल डाक बंगले का व्यावसायिक उपयोग, जिला पंचायत की दुकानों के किराए में 25 प्रतिशत वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित नई चौपाटियों के लिए लाइसेंस शुल्क निर्धारित करना शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों को एसीपी और पदोन्नति का लाभ देने संबंधी प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया।

बोर्ड बैठक में जिला पंचायत सदस्यों के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर अध्यक्ष ने सहमति जताते हुए इसे अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन को भेजने का आश्वासन दिया।

वन क्षेत्रों से सटे ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों से किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर तारबाड़ कराने पर भी सहमति बनी। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने और जिला पंचायत की परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी चर्चा हुई।

जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए आठ वाहनों की व्यवस्था के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। उन्होंने स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण और रीसाइक्लिंग आधारित दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, सभी जिला पंचायत सदस्य, अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में संघ प्रांत संचालक डॉ. बी.एस. बिष्ट का सम्मान, राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

You missed

error: Content is protected !!