नैनीताल। भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने जनपद नैनीताल में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार मौसम विभाग ने 10 जुलाई के लिए “Warning (Take Action)” श्रेणी की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तीव्र बारिश के दौर पड़ने की संभावना है।
प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने, तेज बहाव तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भू-स्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे मौसम में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों को 10 जुलाई को बंद रखा जाएगा। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


