ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहाली की अतिसंवेदनशील पहाड़ी एक बार फिर हादसों का कारण बन गई। बुधवार देर रात पहाड़ी से अचानक गिरे बड़े पत्थरों की चपेट में आने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक ने समय रहते वाहन से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा निवासी नीरज बुधवार शाम हल्द्वानी से अपनी कार (यूके-01बी-1414) से अल्मोड़ा लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे जैसे ही वह लोहाली क्षेत्र में पहुंचे, तभी पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने लगे। एक बड़ा पत्थर कार पर आ गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घबराए चालक ने तुरंत कार रोककर बाहर छलांग लगा दी और बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर कई वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

गुरुवार सुबह भी लोहाली की पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरते रहे। इस दौरान कई यात्री वाहन और बाइक सवार भी पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा और बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) प्रशासन से लोहाली क्षेत्र में सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने, पहाड़ी का ट्रीटमेंट कराने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  16 सितंबर से शुरू होगा नैनीताल का ऐतिहासिक श्री नन्द देवी महोत्सव 2026, श्री राम सेवक सभा ने तैयारियों को दी अंतिम रूपरेखा
error: Content is protected !!