व्हाट्सएप लिंक खोलते ही मोबाइल हुआ हैक, दो बैंक खातों से निकाली गई पूरी रकम; काठगोदाम पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां सैमसंग कंपनी का कर्मचारी बनकर साइबर अपराधियों ने एक 64 वर्षीय बुजुर्ग से 16.14 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पहले फर्जी कस्टमर केयर कॉल के जरिए विश्वास जीता और फिर व्हाट्सएप पर भेजे गए लिंक के माध्यम से मोबाइल हैक कर बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा दिए।
जानकारी के अनुसार, शीशमहल, काठगोदाम निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग का 20 जून को टीवी खराब हो गया था। टीवी की शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्होंने गूगल पर सर्च कर सैमसंग कस्टमर केयर का नंबर निकाला और उस पर कॉल किया। हालांकि कॉल रिसीव नहीं हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर एक कॉल आई।
फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को सैमसंग कंपनी का कर्मचारी बताया और समस्या का समाधान करने के नाम पर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर उसे खोलने के लिए कहा। भरोसा कर जैसे ही बुजुर्ग ने लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल साइबर ठगों के नियंत्रण में चला गया।
पीड़ित का आरोप है कि मोबाइल हैक होने के बाद ठगों ने उनके दो बैंक खातों से कुल 16,14,501 रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मोबाइल में सेव संपर्क नंबरों से जुड़े रिकॉर्ड भी हटा दिए, जिससे उन्हें ठगी का पता चलने में देर हुई।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद काठगोदाम कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित बैंक खातों और साइबर ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही मोबाइल की एक्सेस किसी को दें।
साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।


