ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

आरोपियों ने ईंट भट्ठे के पास वारदात को दिया अंजाम, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम; पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में दोस्तों के साथ दावत में गए एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बूढ़पुर जट स्थित एक ईंट भट्ठे के पास हुई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मदपुर जट निवासी राजेंद्र ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र सौरभ (22) अपने दोस्त सुमित निवासी केलनपुर, पुरकाजी के बुलावे पर दावत में गया था। उसके साथ डिंपल और आशीष भी मौजूद थे। सभी लोग बूढ़पुर जट के पास एक ईंट भट्ठे के निकट बैठे हुए थे।
आरोप है कि कुछ देर बाद सुमित लघुशंका का बहाना बनाकर वहां से चला गया। इसी दौरान अनुज निवासी शकरपुर, पुरकाजी, रॉबिन और प्रद्युम्न निवासी मंगलौर बाइक से मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर प्रद्युम्न ने कथित तौर पर देसी तमंचे से सौरभ पर फायर कर दिया। गोली लगते ही सौरभ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से घायल सौरभ को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक सौरभ का विवाह वर्ष 2021 में हुआ था और उसके दो छोटे बेटे हैं। वह मंडावली स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। साथ ही हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में स्कूल बसों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 135 के चालान, 10 बसें सीज
error: Content is protected !!