नैनीताल। संगीत नाटक अकादेमी के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव-2026 के अंतर्गत बुधवार शाम राम सेवक सभा, मल्लीताल में प्रयोगांक नैनीताल द्वारा राष्ट्रभक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक ‘हम भी हैं देशभक्त’ का प्रभावशाली मंचन किया गया।
वंदे मातरम् राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष महोत्सव में पूरे देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 150 स्थानों पर एक ही दिन और एक ही समय शाम 6 बजे देशभक्ति विषयक नाटकों का मंचन किया गया। 39 से अधिक भाषाओं और बोलियों में 4,000 से अधिक रंगकर्मियों ने इस आयोजन में भाग लिया। महाकवि कालिदास जयंती के अवसर पर उन्हें भी इस महोत्सव के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
नैनीताल में प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ‘हम भी हैं देशभक्त’ का लेखन उमेश कांडपाल ‘सोनी’ तथा निर्देशन युवा रंगकर्मी रोहित वर्मा ने किया। नाटक में मुकेश धस्मान, नीरज डालाकोटी, मदन मेहरा, उमेश कांडपाल, रोहित वर्मा, पवन कुमार, नासिर अली, पंकज रंधावा और गौरव कुमार ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों से खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान संगीत नाटक अकादमी से प्रवीण कुमार दुरेजा ने उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रयोगांक संस्था के संरक्षक मिथिलेश पांडे, एच.एस. राणा तथा संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित जहूर आलम, मंजूर हुसैन, राजेश आर्य, डीके शर्मा, अनिल कुमार, किशन लाल, अनवर रजा, मनोज साह, मोहित सनवाल, अकरम अली, खुर्शीद, अदिति खुराना सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



