ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी मारपीट मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, बेस अस्पताल प्रकरण में दो नामजद समेत 30 पर तहरीर; नाबालिग आरोपियों पर भी होगी सख्त कार्रवाई

सौरभ होटल और बेस अस्पताल में हुई हिंसक घटनाओं को पुलिस ने लिया गंभीरता से, सीसीटीवी व साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज

हल्द्वानी। शहर में सौरभ होटल और बेस अस्पताल की इमरजेंसी में हुई मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पहली घटना सौरभ होटल के समीप हुई, जबकि दूसरी घटना बेस अस्पताल की इमरजेंसी में सामने आई। दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस को तहरीर प्राप्त हो चुकी है। शिकायत में दो लोगों के घायल होने तथा उन पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में दो नामजद आरोपितों सहित करीब 30 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना में शामिल अधिकांश आरोपी नाबालिग हैं। ऐसे में पुलिस किशोर न्याय अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर रही है। साथ ही प्रत्येक आरोपी की भूमिका और आपराधिक पृष्ठभूमि की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी दोषी को बचने का मौका न मिले।
एसपी सिटी ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस प्रिवेंटिव कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कदम भी उठाएगी।

उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड के सभी शहरी निकाय होंगे स्वच्छ, डिजिटल और आत्मनिर्भर: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन

You missed

error: Content is protected !!