उपजिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश
लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील
नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा जनपद में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के सभी संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।
डीएम ने कहा कि सभी संबंधित विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें और आपदा प्रबंधन से जुड़े संसाधनों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी सूचना पर बिना विलंब कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। यदि कोई अत्यंत आवश्यक कार्य हो तभी यात्रा करें। साथ ही नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की आपदा, दुर्घटना या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर लोगों को सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। जनपदवासियों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की गई है।


