ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नगर निगम कर्मचारी बन पड़ोसियों ने बुजुर्ग महिला को बंधक बनाया, जेवर-नकदी सब लूट गए

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में नशे की लत पूरी करने के लिए दो प्लंबरों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों ने नगर निगम के कर्मचारी बनकर घर में प्रवेश किया, सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे बंद किए और फिर महिला को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए जेवर, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

हालांकि रायपुर थाना पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया।

एसपी देहात जया बलोनी ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रायपुर थाना क्षेत्र की गढ़वाली कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय भुवनेश्वरी देवी रविवार दोपहर अपने घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर सफाई व्यवस्था की जांच के बहाने घर में दाखिल हुए।

घर के अंदर पहुंचते ही दोनों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और कान के कुंडल, सोने की अंगूठी, तीन हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद किसी तरह महिला ने पड़ोसियों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही उनकी बेटी गीता काला मौके पर पहुंचीं और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर थानाध्यक्ष संजीत कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान की गई, जिनमें से एक आरोपी पीड़िता का पड़ोसी निकला।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे दोनों प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं। मुख्य आरोपी सागर सिंह रावत पीड़िता के पड़ोस में रहता था और उसे अच्छी तरह जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला अधिकांश समय घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए उसने अपने साथी अंकित गुप्ता के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची। आरोपियों ने बताया कि नशे की लत और अन्य खर्च पूरे करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने सोमवार को सीक्यूआई जंगल, रायपुर क्षेत्र से सागर सिंह रावत निवासी अपर गढ़वाली कॉलोनी और अंकित गुप्ता निवासी आदर्श कॉलोनी, रिंग रोड को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटे गए जेवर, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी लूट का सामान बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस त्वरित कार्रवाई को तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी नेटवर्क की मदद से मिली बड़ी सफलता बताया है।

यह भी पढ़ें :  सुयालगाड़ के उपप्रधान बने राजेंद्र सिंह बजवाल, निर्विरोध निर्वाचन से क्षेत्र में खुशी की लहर
error: Content is protected !!