भूस्खलन रोकने की पहल: द बुल्स जिम परिवार ने केंट क्षेत्र में चलाया वृक्षारोपण अभियान

पर्यावरण संरक्षण और पहाड़ों की सुरक्षा का लिया संकल्प, नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील

रिपोर्टर  : गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। पहाड़ों में लगातार बढ़ रही भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाओं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से द बुल्स जिम परिवार ने मंगलवार को नैनीताल के तल्लीताल स्थित केंट क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया।

अभियान में जिम के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिम परिवार के सदस्यों ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है।

पेड़ न केवल पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि उनकी मजबूत जड़ें मिट्टी के कटाव को रोकने और पहाड़ियों को स्थिर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।

यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा वातावरण मिल सकेगा।

द बुल्स जिम परिवार ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे वर्षा ऋतु के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाएं, उनकी देखभाल करें और पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान से जुड़कर नैनीताल को हरा-भरा, सुंदर और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक चुनौतियों के प्रति अधिक सुरक्षित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी-रामनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 10 प्रतिष्ठानों की जांच

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.