बुद्ध पार्क में जुटे कांग्रेस, युवा कांग्रेस और छात्र नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

हल्द्वानी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस और छात्र नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर अपनी बात रख रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है।

वक्ताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उनका आरोप था कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और जब छात्र अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो उन्हें संवाद के बजाय लाठियों का सामना करना पड़ता है।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है और छात्रों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया और उनकी आवाज को अनसुना किया जाता रहा, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, जेसीबी से हटाए 25 से 30 स्ट्रक्चर; सड़क चौड़ीकरण ने पकड़ी रफ्तार

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.