ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

युवक कई वर्षों से नैनीताल में पार्किंग और गाइड का करता था काम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा

नैनीताल। शहर के मल्लीताल क्षेत्र में मंगलवार को एसबीआई बैंक के पीछे एक युवक अचेत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शारिक (27) पुत्र स्वर्गीय ताहिर खां, निवासी घेर फारूक शाह खान, इमली वाली मस्जिद, थाना कोतवाली रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि शारिक पिछले सात से आठ वर्षों से नैनीताल में रहकर पार्किंग और पर्यटक गाइड का कार्य करता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना से कुछ समय पहले युवक लड़खड़ाते हुए एसबीआई बैंक के पीछे की ओर जाता हुआ दिखाई दिया था। कुछ देर बाद वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

प्राथमिक जानकारी में पुलिस ने बताया कि युवक अत्यधिक शराब के सेवन का आदी था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीडी पांडे अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें :  हरेला पर्व पर महापौर गजराज बिष्ट ने किया वृहद वृक्षारोपण, चित्रशिला घाट परिसर से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
error: Content is protected !!