ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बिजली गुल जनता बेकाबू, हल्द्वानी में सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी

हल्द्वानी। शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। उमस भरी गर्मी और घंटों तक बिजली गुल रहने से परेशान स्थानीय लोगों ने शनिवार को कांग्रेस नेता हेमंत साहू के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका और शीघ्र 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एक ओर उपभोक्ताओं से भारी-भरकम बिजली बिल वसूले जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर में लगातार घंटों बिजली कटौती की जा रही है। इससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार बिजली जाने से घरों में इनवर्टर भी जवाब दे रहे हैं और उमस भरी गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने यह भी कहा कि बिजली कटौती का सीधा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से पानी की सप्लाई बाधित हो रही है, जिससे कई इलाकों में लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

कांग्रेस नेता हेमंत साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था को सुधारने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से बिजली के नाम पर पूरा शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन बदले में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही। उन्होंने सरकार से तत्काल बिजली व्यवस्था में सुधार करने और शहर को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हल्द्वानी में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और बिजली विभाग की होगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी का बड़ा ऐलान: परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि बढ़ाई, शहीद परिवारों के लिए कई नई सुविधाएं

You missed

error: Content is protected !!