रामनगर की पूनम गुप्ता को महिला उद्यमिता, सामाजिक प्रभाव एवं जमीनी स्तर पर नेतृत्व के लिए त्रेतायुग फाउंडेशन ने किया सम्मानित
रामनगर (नैनीताल)। महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही रामनगर की पूनम गुप्ता को प्रतिष्ठित Mahatma Gandhi Global Achievement Award 2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें महिला उद्यमिता, सामाजिक प्रभाव एवं जमीनी स्तर पर नेतृत्व (Women Entrepreneur of the Year & Social Impact & Grassroots Leadership) के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया।
त्रेतायुग फाउंडेशन की ओर से 01 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित द ओबेरॉय, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग में महात्मा गांधी ग्लोबल अचीवमेंट अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में पूनम गुप्ता ने वर्चुअल माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रतिभाग किया। उन्हें सम्मान स्वरूप प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
पुष्कर सोसाइटी रामनगर की अध्यक्ष पूनम गुप्ता लंबे समय से महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में संस्था द्वारा महिलाओं को विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प एवं स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था महिलाओं को जूट बैग निर्माण, ऐपण कला, सिलाई, हस्तनिर्मित उत्पाद, मोमबत्ती निर्माण एवं अन्य कौशल आधारित गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है।
पुष्कर सोसाइटी द्वारा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, गरीब एवं वंचित परिवारों की सहायता, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने जैसे सामाजिक कार्य भी किए जा रहे हैं। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा समाज के कमजोर वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
पूनम गुप्ता ने इस सम्मान के लिए त्रेतायुग फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पुष्कर सोसाइटी से जुड़ी उन सभी महिलाओं का सम्मान है, जो आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। उन्होंने भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
यह सम्मान रामनगर एवं नैनीताल जनपद के लिए गौरव का विषय है।
इससे क्षेत्र में महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के कार्यों को नई पहचान और प्रेरणा मिलेगी।
— पुष्कर सोसाइटी रामनगर, नैनीताल, उत्तराखंड

