ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

स्पष्टीकरण के बाद सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति, अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश

नैनीताल। मानसून सत्र के दौरान सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नैनीताल जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने के मामले में रामनगर स्थित कोसी निर्माण सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता अजय जॉन के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि मानसून सत्र और मुख्यमंत्री के गर्जिया-रामनगर भ्रमण को देखते हुए सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे उनकी पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। इसके बावजूद 05 जुलाई 2026 को अधिशासी अभियंता अजय जॉन बिना अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया। अपने जवाब में अधिशासी अभियंता ने बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उनके सगे मौसेरे भाई की पत्नी की तबीयत अत्यधिक खराब होने के कारण उन्हें तत्काल जाना पड़ा।

हालांकि जिलाधिकारी ने इस स्पष्टीकरण को नियमों के उल्लंघन से अलग नहीं माना। उन्होंने कहा कि यह कृत्य उत्तराखंड राज्य सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 2002 के नियम 03(1) और 03(2) का स्पष्ट उल्लंघन है। शासकीय आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता और दायित्वों के प्रति लापरवाही को गंभीर मानते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित कराने के लिए शासन को सूचित करने के निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मानसून सत्र के दौरान बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  बेरोजगारों के लिए खुशखबरी : उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में 1586 शिक्षकों की होगी भर्ती
error: Content is protected !!