लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मोटाहल्दू क्षेत्र की जयपुर बीसा ग्रामसभा के गंगारामपुर गांव में किराये के मकान में रहने वाली विवाहिता का शव घर के अंदर पंखे के कुंडे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी ने बताया कि मृतका की पहचान रूपा पलड़िया (25 वर्ष) पत्नी विजय पलड़िया के रूप में हुई है। दंपति अपने दो मासूम बच्चों, 7 वर्षीय बेटे और 5 वर्षीय बेटी के साथ गंगारामपुर स्थित किराये के मकान में रह रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि पति अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर था। इसी दौरान विवाहिता का शव कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल कुमार, कोतवाल बृजमोहन राणा, हल्दूचौड़ चौकी पुलिस तथा फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञ उपनिरीक्षक त्रिवेणी जोशी ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा सके।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


