ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने राज्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए किया है। इन कार्यकर्ताओं ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक बाल शिक्षा और महिला जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर न केवल अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया, बल्कि समाज में अन्य कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी हैं।
विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये महिलाएं जमीनी स्तर पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सफल बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन, नियमित टीकाकरण, बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा तथा महिलाओं को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करने में इनकी सेवाएं अत्यंत सराहनीय रही हैं।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण, मेहनत और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य स्तरीय पुरस्कार के माध्यम से न केवल उनके कार्यों को पहचान मिलेगी, बल्कि अन्य कार्यकर्ताओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
विभाग के अनुसार इस वर्ष पौड़ी जनपद से सर्वाधिक पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है। इसके अलावा अल्मोड़ा और हरिद्वार से चार-चार, चमोली, देहरादून, नैनीताल, टिहरी और ऊधम सिंह नगर से तीन-तीन, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी से दो-दो, जबकि बागेश्वर, चंपावत और रुद्रप्रयाग से एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चुना गया है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग का मानना है कि इन कार्यकर्ताओं की उत्कृष्ट सेवाएं राज्य में मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यक्रमों को नई मजबूती देंगी और समाज में स्वास्थ्य, पोषण तथा महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। राज्य सरकार ने चयनित सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई है।

इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को किया जाएगा सम्मानित

अल्मोड़ा : भैंसियाछाना से सुनीता टम्टा, चमगड़ा से हेमा मेर, द्वाराहाट से बबीता अधिकारी एवं स्याल्दे से सीमा देवी

बागेश्वर : कपकोट से आनंदी देवी

चमोली : जोशीमठ से शकुंतला बिष्ट, दशोली से गीता चंद्रा एवं थराली से रत्नी बिष्ट।

चंपावत : पाटी से तुलसी देवी

देहरादून : रायपुर से रश्मि पंत, चकराता से पूनम साही एवं सहसपुर से लक्ष्मी पंत

हरिद्वार : बहादराबाद अनिता बर्मन, हरिद्वार शहर स्नेहलता, खानपुर उमा रानी एवं मंगलौर फरहाना परवीन

नैनीताल : ओखलाकांड़ा लीला रूवाली, भीमताल हंसा देवी एवं रामगढ़ से निर्मला टम्टा

पौड़ी : पाबौ संगीता देवी, दुगड्डा माधुरी देवी, नैनीडांडा दर्शनी देवी, बीरोंखाल रेनू देवी एवं पोखड़ा तुलसी।

पिथौरागढ़ : कनालीछीना सुनीता बसेड़ा एवं डीडीहाट से गंगा कार्की।

रुद्र्रप्रयाग : जखोली सरस्वती देवी

टिहरी : जाखणीधार सुषमा देवी, हिंडोलाखाल रोशनी देवी एवं नरेंद्रनगर पूनम देवी।

उधमसिंह नगर : बाजपुर गुरप्रीत कौर, गदरपुर राधा बिष्ट एवं रुद्रपुर शहर शकुंतला पाल।

उत्तरकाशी : नौगांव कुमारी रेखा एवं चिन्यालीसौड़ रेखा जोशी।

यह भी पढ़ें :  फ्लाईओवर हादसा: दो कांवड़ियों की मौत के मामले में NHAI अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज, परिजनों ने लगाया घोर लापरवाही का आरोप

You missed

error: Content is protected !!