ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, अफवाहों से बचने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ बूथ पहुंचने की अपील

 रिपोर्ट: गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शुक्रवार को नैनीताल में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाता सत्यापन कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय, सीआरएसटी विद्यालय तथा नगरपालिका बालिका इंटर कॉलेज, एशडेल-सूखाताल स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों, बीएलओ और कर्मचारियों से सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी ली तथा मतदाताओं से संवाद भी किया।

दीपक रावत ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के तहत जारी किए गए कई नोटिस केवल नाम, पता अथवा अन्य तकनीकी त्रुटियों के कारण भेजे गए हैं। जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर आधार कार्ड, हाईस्कूल प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र अथवा अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी जानकारी का सत्यापन करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कई मामलों में वर्ष 2003 की मतदाता सूची और वर्तमान रिकॉर्ड के बीच नाम में अंतर होने के कारण सिस्टम द्वारा स्वतः नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे मामलों में दस्तावेजों के आधार पर यह स्पष्ट किया जा सकता है कि दोनों नाम एक ही व्यक्ति के हैं और आवश्यक संशोधन किया जा सकता है।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि SIR का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और निर्धारित तिथि पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि समय पर दस्तावेज प्रस्तुत करने से नाम, पता अथवा अन्य त्रुटियों का शीघ्र निस्तारण संभव होगा और कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहेगा। प्रशासन की ओर से भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि प्रत्येक मतदाता को बिना किसी असुविधा के सत्यापन की सुविधा मिल सके।

यह भी पढ़ें :  मानसून सत्र में बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना पड़ा महंगा, अधिशासी अभियंता पर डीएम की सख्त कार्रवाई
error: Content is protected !!