भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर की एंटी-ड्रग कमेटी द्वारा देशव्यापी ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत एंटी-ड्रग शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में परिसर के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक एंटी-ड्रग शपथ ली।
विद्यार्थियों ने नशीले एवं मादक पदार्थों से दूर रहने, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन के लिए जिम्मेदार निर्णय लेने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भीमताल परिसर के निदेशक ने कहा कि युवा देश की शक्ति और भविष्य हैं तथा आज उनके द्वारा लिए गए निर्णय ही कल के समाज की दिशा तय करेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने स्वास्थ्य, सपनों, परिवार और भविष्य के महत्व को समझते हुए नशे के विनाशकारी प्रभावों से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एंटी-ड्रग शपथ केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि स्वयं, परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के प्रति पहली ही बार में ‘न’ कहने तथा जरूरतमंद मित्रों का सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के साथ-साथ मादक पदार्थों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत स्वास्थ्य और शिक्षा को प्रभावित करने के साथ-साथ पारिवारिक संबंधों, आर्थिक स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर भी गंभीर असर डाल सकती है।
एंटी-ड्रग कमेटी ने युवाओं के लिए स्वस्थ, सुरक्षित, अनुशासित और सशक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से भविष्य में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के अपने संकल्प को दोहराया।


