ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कालाढूंगी। आदर्श नवयुवक श्री रामलीला समिति, कालाढूंगी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को रामलीला मैदान में समिति अध्यक्ष कमल सती की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में आगामी रामलीला आयोजन की तैयारियों, कलाकारों के अभ्यास, रामलीला की तालीम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रामलीला की तालीम 18 अगस्त 2026, मंगलवार से शुरू की जाएगी। कलाकारों के अभ्यास के लिए प्रतिदिन रात्रि 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। समिति ने सभी संबंधित कलाकारों और सदस्यों से निर्धारित समय पर पहुंचकर तालीम में सहयोग करने की अपील की है, ताकि रामलीला मंचन की तैयारियां समय से पूरी की जा सकें।

पुतला दहन कार्यक्रम को भी मिली मंजूरी

बैठक में रामलीला आयोजन के दौरान पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय भी सर्वसम्मति से लिया गया। समिति सदस्यों ने कहा कि इस आयोजन को परंपरागत स्वरूप के साथ आकर्षक और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।

शिव मंदिर से रामलीला मैदान तक निकलेगी रामबरात

बैठक में शिव मंदिर, कालाढूंगी से रामलीला मैदान तक रामबरात निकालने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। रामबरात को लेकर आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं पर आगामी बैठकों में चर्चा की जाएगी।

बैठक में आय-व्यय का विवरण रखा

समिति की बैठक के दौरान अब तक किए गए कार्यों तथा बैठक के दौरान हुए खर्च का आय-व्यय विवरण भी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति सदस्यों ने आयोजन से संबंधित आर्थिक एवं व्यवस्थागत पहलुओं पर भी चर्चा की।

ये सदस्य रहे मौजूद

बैठक में समिति अध्यक्ष कमल सती, हरीश मेहरा, पुष्कर खनायत, बिरेंद्र सिंह मटेला, पुरनचंद जोशी, बृजेश शाह, कैलाश बुढ़लाकोटी, पुरन जोशी, कुंदन बिष्ट, जगदीश चंद्र कांडपाल, प्रदीप सती, सारांश सती, मोहित पांडे, ललित वर्मा, हरीश सनवाल, आनंद सिंह गेड़ा, सुरेंद्र साह और नंदा वल्लभ सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में समिति अध्यक्ष कमल सती ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी रामलीला आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।

समिति के निर्णयों के बाद अब 18 अगस्त से रामलीला की तालीम शुरू होने के साथ ही कालाढूंगी में रामलीला आयोजन की तैयारियां औपचारिक रूप से तेज होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें :  UPNL कर्मचारियों के लिए समान वेतन पर नई शर्त, पहले देनी होगी परीक्षा; आदेश से मचा बवाल

You missed

error: Content is protected !!