ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नैनीताल पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का तत्काल संज्ञान लेकर सरेआम हुड़दंग मचाने वाले युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

वीडियो में कुछ युवक दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हल्द्वानी के दो नहरिया रोड क्षेत्र में हाथों में बेल्ट लहराते हुए राहगीरों को डराते और सार्वजनिक शांति भंग करते दिखाई दे रहे थे।

जानकारी के अनुसार 14 अगस्त 2026 की शाम वायरल हुए इस वीडियो को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। SSP के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों की सहायता से वीडियो में शामिल युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान चार युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर उनकी काउंसलिंग की गई और उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

गिरफ्तार किए गए युवकों में शामिल हैं—

सीतेश आर्य (25 वर्ष), निवासी दमुवाढूंगा, काठगोदाम

गोपाल आर्य (30 वर्ष), निवासी दमुवाढूंगा, काठगोदाम

कुणाल बिष्ट (22 वर्ष), निवासी दमुवाढूंगा, काठगोदाम

विशाल कुमार (27 वर्ष), निवासी दमुवाढूंगा

पुलिस जांच में सीतेश आर्य शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने तथा सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने के आरोप में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दूसरी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल संख्या UK04AS-4102 को भी नियमानुसार सीज किया गया है।

SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, अराजकता फैलाने, राहगीरों को भयभीत करने अथवा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे किसी भी वीडियो, जिससे सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे, पर पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करेगी।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  चित्रशीला घाट में शनि मंदिर निर्माण का विरोध, कुमाऊंनी समाज ने निकाली रैली; शिव स्थान की पुरानी पहचान बरकरार रखने की मांग

You missed

error: Content is protected !!